सरना समिति ने की जेपीएससी मामले की सीबीआई जांच की मांग
रांची, 06 अगस्त (हि.स.)।
केंद्रीय सरना समिति ने राज्य में जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल अभ्यर्थियों परीक्षा, पेपर लीक और कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
गुरुवार को यह निर्णय सर्वसम्मति से सरहुल शोभा यात्रा उद्गम स्थल सरना टोली, हतमा में आयोजित समिति की बैठक में लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा ने की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 08 अगस्त 2026 को जयपाल सिंह स्टेडियम में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं को समिति की ओर से भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
वहीं 10 अगस्त 2026 को छात्रों की ओर से प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में भी केंद्रीय सरना समिति शामिल होकर समर्थन देगी। बबलू मुंडा ने कहा कि राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने सरकार से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर दंड देने की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि नौ अगस्त 2026 को प्रस्तावित आदिवासी महोत्सव का केंद्रीय सरना समिति विरोध करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि नगड़ी क्षेत्र में रिम्स-2 परियोजना के नाम पर आदिवासियों की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि अधिग्रहित कर उन्हें विस्थापित करने का प्रयास किया गया है, जिससे उनकी पहचान, अस्तित्व और अस्मिता पर आघात पहुंचा है। इस मुद्दे पर आयोजित आक्रोश महाजनसभा में भी समिति शामिल होगी।
बैठक में मुख्य पाहन जगलाल पाहन, प्रधान महासचिव अशोक मुंडा, महासचिव महादेव टोप्पो, कार्यकारी अध्यक्ष शोभा कच्छप, कोषाध्यक्ष जगन्नाथ तिर्की सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

