झारखंड में जल्द स्थापित होगा सेंट्रल रेडियोलॉजी हब, सरकारी अस्पतालों को मिलेंगी विशेषज्ञ सेवाएं

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में जल्द स्थापित होगा सेंट्रल रेडियोलॉजी हब, सरकारी अस्पतालों को मिलेंगी विशेषज्ञ सेवाएं


रांची, 06 जून (हि.स.)। झारखंड में जल्द ही सेंट्रल रेडियोलॉजी हब (सीआरएच) की स्थापना की जाएगी, जिसके माध्यम से राज्यभर के सरकारी अस्पतालों को विशेषज्ञ रेडियोलॉजी सेवाओं से जोड़ा जाएगा। इसकी जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शनिवार को दी।

स्वास्थ्य मंत्री ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य के किसी भी मरीज को विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं हर नागरिक का अधिकार हैं और सरकार इसे उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

नई व्यवस्था के तहत सरकारी अस्पतालों में होने वाली एक्स-रे, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी जांचों की रिपोर्ट विशेषज्ञ रेडियोलॉजिस्ट एक केंद्रीकृत प्रणाली के माध्यम से तैयार करेंगे। इससे जांच रिपोर्ट की गुणवत्ता में सुधार होगा, रिपोर्ट मिलने में लगने वाला समय कम होगा और मरीजों को तेज व सटीक उपचार मिल सकेगा।

इसके साथ ही राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों को डिजिटल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे दूरदराज क्षेत्रों के मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस पहल का सबसे अधिक लाभ ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह व्यवस्था झारखंड को डिजिटल हेल्थकेयर के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story