केंद्रीय संसदीय समिति का एचईसी दौरा सकारात्मक संकेत : लालदेव

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय संसदीय समिति का एचईसी दौरा सकारात्मक संकेत : लालदेव


केंद्रीय संसदीय समिति का एचईसी दौरा सकारात्मक संकेत : लालदेव


रांची, 18 अगस्त (हि.स.)।

गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) को उबारने की कवायद तेज हो रही है। लंबे समय से वित्तीय संकट, कार्यशील पूंजी की कमी और कर्मचारियों के बकाया वेतन जैसी समस्याओं से जूझ रही कंपनी की स्थिति का जायजा लेने केंद्रीय संसदीय समिति बुधवार को रांची पहुंचेगी। सांसद तिरुचि शिवा के नेतृत्व में छह सदस्यीय संसदीय टीम 19 अगस्त 2026 को तीन दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचेगी। समिति का दौरा एचईसी के भविष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसे लेकर हटिया कामगार यूनियन (एटक) के उपाध्यक्ष लालदेव सिंह ने सांसदों की औद्योगिक समिति के एचईसी दौरे को निगम के लिए सकारात्मक संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि समिति के दौरे के बाद एचईसी की मौजूदा स्थिति को लेकर केंद्र सरकार की ओर से ठोस निर्णय लिए जाने की उम्मीद जगी है। एचईसी की लगातार बिगड़ती आर्थिक स्थिति का सीधा असर यहां कार्यरत कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों पर पड़ रहा है। कर्मचारियों के वेतन संकट के साथ सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लंबे समय से रिटायरल बकाया नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। इससे कर्मचारियों के बच्चों का भविष्य भी प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि बकाया राशि नहीं मिलने के कारण कई सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने और परिवार के सदस्यों के इलाज तक का खर्च ठीक से नहीं उठा पा रहे हैं। ऐसे संकट के बावजूद सरकार की ओर से एचईसी को आर्थिक मदद नहीं दिए जाने पर उन्होंने चिंता जताई।

लालदेव सिंह ने समिति के अध्यक्ष और सदस्यों के दौरे के लिए एचईसी परिवार एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ओर से आभार जताया।

उल्लेखनीय है कि समिति 20 अगस्त 2026 को एचईसी के तीनों प्रमुख प्लांटों का स्थलीय निरीक्षण करेगी। इस दौरान सदस्य कंपनी की मौजूदा स्थिति, उत्पादन क्षमता, मशीनरी, उपलब्ध संसाधनों और संचालन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेंगे। निरीक्षण के दौरान एचईसी के सीएमडी केएस मूर्ति समेत कंपनी के सभी निदेशक मौजूद रहेंगे और समिति को संस्थान की वर्तमान स्थिति से अवगत कराएंगे।

एचईसी लंबे समय से वित्तीय संकट और कार्यशील पूंजी की कमी से जूझ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story