झारखंड को केंद्र ने दिए 1.04 हजार करोड़ रुपये : राज

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड को केंद्र ने दिए 1.04 हजार करोड़ रुपये : राज


रांची, 25 फ़रवरी (हि.स.)। भाजपा के विधायक राज सिन्हा ने विधानसभा के बजट सत्र के छठे दिन भोजनावकाश के बाद बजट की आलोचना करते हुए कहा कि इसमें वित्तीय प्रबंधन की कमी है। उन्होंने कहा कि केंद्र से अनुदान के रूप में झारखंड को अब तक 1.04 हजार करोड़ रुपये मिले हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में 11,570 करोड़ रुपये ब्याजमुक्त राशि भी दी गई है। इसके बावजूद 15 वें वित्त आयोग की राशि खर्च करने में सरकार विफल रही है। डीएमएफटी फंड में घोटाले का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि दो दशकों से 10 हजार करोड़ रुपये का हिसाब नहीं मिल रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि बजट में बेरोजगारी भत्ते का कोई उल्लेख नहीं है।

इस पर मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा फर्जी आंकड़ों की एक्सपर्ट है और जनता को गुमराह कर रही है। अब तक 15-15 लाख रुपये देने का वादा पूरा नहीं हुआ। जवाब में राज सिन्हा ने कहा कि दो साल में 1.5 लाख पद घटा दिया गया। विस्थापितों को जमीन तो दी गई, लेकिन कागज नहीं दिया गया और जाति प्रमाण पत्र भी नहीं बन रहा।

उन्होंने कहा कि धनबाद में 900 करोड़ रुपये की पेयजल योजना अधूरी है, प्रदूषण चरम पर है और 38 सड़कें अब तक नहीं बनीं। सरकार की सात गारंटी में एक भी पूरी नहीं हुई। बजट में विजन की कमी है। राजस्व विभाग में करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ है। इसे लेकर श्वेत पत्र लाया जाना चाहिए। जल, जंगल और जमीन की समस्याओं के कारण पूंजीपति राज्य में नहीं आ पा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story