रामगढ़ में शुरू होगी जनगणना, पहले मकानों की बनेगी सूची : डीसी
रामगढ़, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिले में भारत की जनगणना की शुरुआत हो गई है। पहले चरण में मकानों की सूची बनाई जाएगी। डीसी ऋतुराज ने गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि जनगणना की सारी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं।
इसी क्रम में सबसे पहले राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनरों की ओर से जिला लेवल मास्टर ट्रेनरों को ट्रेनिंग दिया गया, इसके बाद वर्तमान में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों की ओर से प्रखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण देने का कार्य किया जा रहा है। जनगणना 2027 के तहत जिले में 08 चार्ज ऑफिसर बनाए गए हैं जो जनगणना की प्रक्रिया की मॉनिटरिंग करेंगे। उनकी सहायता के लिए 1870 प्रगणक और 312 सुपरवाइजर्स लगाए गए हैं। इस बार की पूरी जनगणना प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से की जाएगी।
इसके तहत 01 से 15 मई तक सेल्फ एन्यूमरेशन का कार्य किया जाएगा। जिससे कि हर व्यक्ति स्वयं से एप की मदद से जनगणना से जुड़ी सारी जानकारियां को भर सकते हैं। इसके बाद प्रथम चरण हाउस लिस्टिंग का होगा जिसमें मकान की सूचीकरण की प्रक्रिया शुरू होगी जो कि 16 मई से 14 जून तक चलेगी। इसके बाद द्वितीय चरण का कार्य है जो जनसंख्या की गणना करना है यह कार्य 09 से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा।
डीसी ने कहा कि जनगणना से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं और सुविधाएं सेंसस डॉट जीओवी डॉट इन पोर्टल पर उपलब्ध है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे पोर्टल पर जाकर जागरूक हो एवं पूरी जनगणना 2027 में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

