जनगणना 2027 के फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
रांची, 16 अप्रैल (हि.स.)।
जनगणना 2027 के प्रथम चरण (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन-एचएलओ मोबाईल एप) के संचालन के लिए रांची जिला प्रशासन की ओर से फील्ड ट्रेनर्स के द्वितीय बैच के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरूवार को समाहरणालय स्थित बी-ब्लॉक में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। उपायुक्त सह प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 13, 15 और 16 अप्रैल 2026 को आयोजित किया गया, जिसमें कुल 35 फील्ड ट्रेनर्स को सीएमएमएस पोर्टल एवं मोबाइल एप के माध्यम से पूर्णतः डिजिटल प्रशिक्षण दिया गया। जिला स्तर के मास्टर ट्रेनर्स रविशंकर मिश्रा एवं संजीव कुमार ने जनगणना निदेशालय, झारखंड के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया गया।
इस दौरान मकान सूचीकरण, मकानों की गणना, डिजिटल डेटा संग्रहण और एचएलओ मोबाइल एप के माध्यम से पूछे जाने वाले 33 प्रश्नों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में बुण्डू, चान्हो, रातु, खलारी, ओरमांझी, नामकुम, ईटकी एवं अनगड़ा क्षेत्रों के प्रशिक्षु शामिल हुए। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स अब अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणक (इनुमेरेटर) और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षण देंगे, जिससे जनगणना कार्य को सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान रामनारायण सिंह, अपर समाहर्ता रांची, सुदर्शन मुर्मू, अपर समाहर्त्ता (नक्सल) सह-नोडल पदाधिकारी और शेषनाथ बैठा, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सह उप जिला जनगणना पदाधिकारी सहित चार्ज पदाधिकारी रांची सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

