सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में मनाएं दुर्गा पूजा : डीसी

WhatsApp Channel Join Now
सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में मनाएं दुर्गा पूजा : डीसी


रामगढ़, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में दुर्गा पूजा के अवसर पर जिले में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में पूजा आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में डीसी ऋतुराज, एसपी मुकेश कुमार लुनायत और अधिशाषी अधिकारी छावनी परिषद विवेक सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ आयोजन की तैयारियों, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

डीसी-एसपी ने स्थित पूजा समितियों के सदस्यों से समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिया।

पूजा समितियों को आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की पूर्व समीक्षा करने, उच्च न्यायालय की ओर से प्राप्त आदेश एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही डीजे का प्रयोग करने, अनुमति प्राप्त किए बिना आयोजन नहीं करने, पंडाल के आसपास किसी नजदीकी अस्पताल या मेडिकल सेंटर को टैग करने को कहा।

स्वच्छता एवं विधि-व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता देने को कहा गया। अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित समिति की ओर से स्वच्छता एवं विधि-व्यवस्था के मानकों के आधार पर उत्कृष्ट पंडाल का चयन किया जाएगा तथा चयनित पूजा समिति को पुरस्कृत किया जाएगा।

एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने सभी लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी पूजा पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरा और कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा इसकी व्यवस्था से संबंधित प्रमाण-पत्र संबंधित थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने को कहा।

आगजनी की किसी भी संभावित घटना से निपटने के लिए पंडालों में आवश्यक अग्निशमन उपकरण एवं अन्य सुरक्षा प्रबंध अनिवार्य रूप से रखने का निर्देश दिया। साथ ही, संबंधित थाना प्रभारी को इसकी उपलब्धता का प्रमाण-पत्र देने को कहा। सभी पूजा पंडालों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था करने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएं तत्काल उपलब्ध कराई जा सकें।

अधिशाषी अधिकारी छावनी परिषद ने पूजा समितियों को भंडारा और प्रसाद वितरण के दौरान थर्माकोल एवं प्लास्टिक से बने दोना-पत्तल या अन्य प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने पंडालों के आसपास पर्याप्त संख्या में डस्टबिन की व्यवस्था रखने और कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story