सरला बिरला विश्वविद्यालय के 41 विद्यार्थियों का सीएट टायर्स में चयन

WhatsApp Channel Join Now
सरला बिरला विश्वविद्यालय के 41 विद्यार्थियों का सीएट टायर्स में चयन


रांची, 04 नवंबर (हि.स.)। रांची स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) में बुधवार को प्रतिष्ठित कंपनी सीएट टायर्स की ओर से कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के 41 विद्यार्थियों का मौके पर ही चयन किया गया। सभी चयनित विद्यार्थियों को गुजरात के हलोल स्थित कंपनी की इकाई में नियुक्ति का अवसर मिलेगा। यह प्लेसमेंट अभियान वर्ष 2027 में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया था।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्लेसमेंट ड्राइव में 80 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इसमें मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के डिप्लोमा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा कंप्यूटर साइंस और सिविल इंजीनियरिंग की छात्राओं को भी चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिला।

चयन प्रक्रिया के तहत प्री-प्लेसमेंट टॉक, एप्टीट्यूड टेस्ट और व्यक्तिगत साक्षात्कार आयोजित किए गए। इन चरणों के बाद 41 विद्यार्थियों का चयन किया गया।

विश्वविद्यालय में वर्ष 2026 के विद्यार्थियों के प्लेसमेंट के लिए ईवाई, डेलॉइट, टीसीएस, गोदरेज, आईटीसी होटल्स, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक और जीई एयरोस्पेस सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां भी शामिल रही हैं।

विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन और राज्यसभा सांसद सह निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772457 Articles

Share this story