सी-डैक पटना और एसबीयू के बीच हुआ एमओयू

WhatsApp Channel Join Now
सी-डैक पटना और एसबीयू के बीच हुआ एमओयू


रांची, 08 अक्टूबर (हि.स.)। सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू), रांची और सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक), पटना के बीच अकादमिक, शोध, नवाचार और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने के लिए गुरूवार को एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया।

विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों ने समझौते को औपचारिक रूप दिया। एसबीयू की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि एमओयू के दौरान सी-डैक की विभिन्न गतिविधियों और विश्वविद्यालय के साथ संभावित सहयोग को लेकर प्रस्तुति दी गई। इसमें डिजिटल ट्विनिंग, स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट, साइबर सिक्योरिटी, क्वांटम कंप्यूटिंग और एआई-एमएल जैसी उभरती तकनीकों पर विशेष चर्चा हुई।

एमओयू के तहत संयुक्त शोध एवं विकास, प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशाला, सेमिनार, इंटर्नशिप, छात्र परियोजनाएं, कौशल विकास और क्षमता निर्माण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों को अत्याधुनिक तकनीकों के साथ काम करने और संयुक्त शोध के नए अवसर मिलेंगे।

एमओयू होने की बात पर एसबीयू के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान और राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की।

एमओयू कार्यक्रम में एसबीयू की ओर से एसबीयू के महानिदेशक प्रोफेसर गोपाल पाठक, कुलपति प्रोफेसर सी जगनाथन, कुलसचिव प्रोफेसर एसबी दंडीन सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story