सीसीएल मेधावी छात्रों को कराएगा नि:शुल्क जेईई और नीट की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
सीसीएल मेधावी छात्रों को कराएगा नि:शुल्क जेईई और नीट की तैयारी


रांची, 23 मई (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की ओर से शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सीसीएल विद्या सारथी परियोजना शुरू की जा रही है।

इस महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन के लिए सीसीएल और नेशनल कंप्यूटर साक्षरता मिशन (एनसीएसएम) के बीच रांची स्थित मुख्यालय में शनिवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया।

कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत शुरू की जा रही इस नई पहल का उद्देश्य सीसीएल कमांड क्षेत्रों में रह रहे मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी उपलब्ध कराना है।

यह योजना विशेष रूप से उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए आशा और अवसर का नया द्वार खोलेगी, जो आर्थिक संसाधनों के अभाव में बड़े शहरों के महंगे कोचिंग संस्थानों तक पहुंच नहीं बना पाते। लेकिन अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना संजोए हुए हैं। सीसीएल विद्या सारथी योजना के माध्यम से ऐसे विद्यार्थियों को अब अपने ही क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए आधुनिक और समग्र शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

400 विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा से किया जाएगा

कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2026 में कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा पास करने वाले अधिकतम 400 विद्यार्थियों का चयन पारदर्शी प्रवेश परीक्षा से किया जाएगा। इस प्रवेश परीक्षा में सीसीएल कमांड क्षेत्र के निकटवर्ती गांवों और क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों के वे विद्यार्थी सम्मिलित हो सकेंगे, जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय 08 लाख रुपये से कम है और जिनका घर किसी भी सीसीएल प्रतिष्ठान, खदान या इकाई से 25 किलोमीटर की परिधि के भीतर है।

योजना के तहत सीसीएल कमांड क्षेत्रों में स्थित 10 डीएवी विद्यालयों को अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र में आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम बनाए जाएंगे, जहां चयनित विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों और विषय विशेषज्ञों की ओर से दो वर्षों तक व्यवस्थित और परिणामोन्मुख शिक्षा दिया जाएगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को कक्षा आधारित मार्गदर्शन, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, स्मार्ट क्लासरूम शिक्षण सुविधा, अध्ययन सामग्री, पुस्तकें, नियमित मॉक टेस्ट, प्रदर्शन मूल्यांकन, विशेष सुधारात्मक कक्षाएं और राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों के साथ संवादात्मक सत्र जैसी व्यापक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके अलावा विद्यार्थियों को स्कूल बैग, स्टेशनरी सामग्री और अन्य आवश्यक अध्ययन किट भी निःशुल्क दिए जाएंगे।

विद्यार्थियों की नियमित स्कूली शिक्षा प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए कक्षाओं का संचालन शनिवार और रविवार को विद्यालय की सामान्य शिक्षण अवधि के बाद किया जाएगा। इससे विद्यार्थी अपनी औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावी रूप से कर सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि सीसीएल पूर्व से ही शिक्षा, प्रतिभा संवर्धन और सामाजिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य करता रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story