राजभाषा कार्यान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सीसीएल को प्रथम पुरस्कार

WhatsApp Channel Join Now
राजभाषा कार्यान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सीसीएल को प्रथम पुरस्कार


रांची, 03 जुलाई (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम), रांची की वार्षिक पुरस्कार योजना 2025-26 के अंतर्गत राजभाषा हिन्दी के प्रभावी कार्यान्वयन और राजभाषा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के उत्कृष्ट एवं सफल संचालन के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में सीसीएल की अग्रणी भूमिका और राजभाषा नीति के प्रभावी एवं सतत क्रियान्वयन के प्रति उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

यह पुरस्कार सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिज़ाइन इंस्टिट्यूट (सीएमपीडीआई), रांची में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में निदेशक (तकनीकी/सीआरडी) नृपेन्द्र नाथ की ओर से सीसीएल के महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।

इस अवसर पर गृह मंत्रालय के पूर्वी क्षेत्र के उप-निदेशक (राजभाषा) विचित्रसेन गुप्त पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में सीसीएल की ओर से किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयासों की सराहना की। समारोह में सीसीएल के उप-प्रबंधक (राजभाषा) डॉ दिविक दिवेश भी उपस्थित थेे।

सीसीएल की यह उपलब्धि सीएमडी निलेन्दु कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व और निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र के सतत मार्गदर्शन का परिणाम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story