महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में सीसीएल पैंथर्स ने जीता खिताब, वॉरियर्स को 26 रन से हराया

WhatsApp Channel Join Now
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में सीसीएल पैंथर्स ने जीता खिताब, वॉरियर्स को 26 रन से हराया


रांची, 03 नवंबर (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की ओर से मंगलवार को गांधीनगर स्थित महात्मा गांधी क्रीड़ांगन में एकदिवसीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में सीसीएल पैंथर्स ने सीसीएल वॉरियर्स को 26 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। सीसीएल टाइटन्स प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर रही।

सीसीएल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रतियोगिता में तीन टीमों ने हिस्सा लिया। लीग मुकाबलों में पैंथर्स ने टाइटन्स को 27 रन और वॉरियर्स को 30 रन से हराया। वहीं, वॉरियर्स ने टाइटन्स को 51 रन से शिकस्त दी।

फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पैंथर्स ने 10 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए। जवाब में वॉरियर्स की टीम निर्धारित 10 ओवर में छह विकेट पर 111 रन ही बना सकी। इस तरह पैंथर्स ने 26 रन से जीत दर्ज की।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र और मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी कर किया।

इस अवसर पर पवन कुमार मिश्रा ने कहा कि खेल महिलाओं के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है। हर्ष नाथ मिश्र ने खेल को अनुशासन, सकारात्मकता और आत्मविश्वास का प्रतीक बताया। वहीं, पंकज कुमार ने टीम भावना और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।

इस दौरान खिलाड़ी, सीसीएल के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771916 Articles

Share this story