'स्पेशल कैंपेन 6.0' के तहत सीसीएल मुख्यालय सहित सभी क्षेत्रों में दिलाई गई स्वच्छता की शपथ

WhatsApp Channel Join Now
'स्पेशल कैंपेन 6.0' के तहत सीसीएल मुख्यालय सहित सभी क्षेत्रों में दिलाई गई स्वच्छता की शपथ


-सीसीएल में स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित

रांची, 15 सितंबर (हि.स.)। स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत मंगलवार को सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय दरभंगा हाउस, रांची समेत कंपनी के सभी कोयला क्षेत्रों एवं इकाइयों में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सीसीएल मुख्यालय में महाप्रबंधक (सीसीएमसी) वीके शुक्ला ने कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान कर्मचारियों ने स्वच्छता को केवल कार्यस्थल तक सीमित नहीं रखने, बल्कि घर, गांव, मोहल्ले और पूरे समाज तक इसका संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।

कर्मियों ने अपने आसपास और कार्यस्थल को स्वच्छ रखने के साथ कम से कम 100 अन्य लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाने तथा उन्हें हर वर्ष स्वच्छता के लिए 100 घंटे देने के लिए प्रेरित करने का भी संकल्प लिया।

सीसीएल के अनुसार, स्पेशल कैंपेन 6.0 तीन चरणों में संचालित होगा। 16 से 30 सितंबर तक तैयारी का चरण (प्रिपरेटरी फेज) चलेगा। इसके बाद दो अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर अभियान का औपचारिक शुभारंभ होगा। कार्यान्वयन चरण (इंप्लीमेंटेशन फेज) दो से 31 अक्टूबर तक चलेगा।

इस दौरान स्वच्छता, कार्यस्थलों की साफ-सफाई, लंबित मामलों के निस्तारण और स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सीसीएल परिवार ने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे निरंतर व्यवहार और जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story