पिपरवार में सीसीएल का शिकायत निवारण शिविर, 38 मामलों पर हुई सुनवाई

WhatsApp Channel Join Now
पिपरवार में सीसीएल का शिकायत निवारण शिविर, 38 मामलों पर हुई सुनवाई


रांची, 10 जून (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मानव संसाधन प्रबंधन निदेशालय के तत्वावधान में पिपरवार क्षेत्र में बुधवार को शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों, पूर्व कर्मचारियों, उनके आश्रितों, ठेकेदारों तथा अन्य हितधारकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था।

शिविर में कुल 38 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें आवास (क्वार्टर) रखरखाव, अनुकम्पा नियुक्ति, सीएमपीएफ से संबंधित ऑनलाइन डाटा अद्यतन तथा अन्य सेवा संबंधी मामलों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। शिविर की अध्यक्षता महाप्रबंधक (समाधान प्रकोष्ठ) सुमन रस्तोगी ने की।

सुमन रस्तोगी ने इस मौके पर कहा कि इस प्रकार के शिविर प्रबंधन और हितधारकों के बीच संवाद को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही यह पारदर्शी प्रशासन, त्वरित शिकायत निवारण और कर्मचारी कल्याण के प्रति सीसीएल की प्रतिबद्धता को भी दर्शाते हैं।

सुबह 11 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक चले इस शिविर में हितधारकों को अपनी समस्याएं, सुझाव और मांगें सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला। प्राप्त सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक जानकारी और समाधान उपलब्ध कराया गया। जिन मामलों का तत्काल निपटारा संभव नहीं था, उनके लिए नियमानुसार कार्रवाई और निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सीसीएल प्रबंधन का कहना है कि ऐसे शिकायत निवारण शिविरों के माध्यम से कर्मचारियों और अन्य हितधारकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के साथ-साथ संगठन और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

शिविर में गौतम चौधरी, तेजविंदर सिंह सहित मानव संसाधन, सिविल, खनन और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story