सीसीएल ने उपचार आपके द्वार के तहत चौथे मोबाइल मेडिकल यूनिट को किया रवाना

WhatsApp Channel Join Now
सीसीएल ने उपचार आपके द्वार के तहत चौथे मोबाइल मेडिकल यूनिट को किया रवाना


रांची, 18 मई (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत दूरस्थ और खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

सीसीएल की स्वास्थ्य पहल उपचार आपके द्वार के अंतर्गत चौथे मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) का शुभारंभ सोमवार को सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर किया गया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (सीएसआर) सिद्धार्थ शंकर लाल सहित विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।

इस पहल के तहत कंपनी खनन क्षेत्रों के आसपास बसे ग्रामीण समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वर्षों से सीसीएल अपने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम के माध्यम से दूरदराज के गांवों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर प्रतिवर्ष 02 लाख से अधिक लोगों का इलाज और परामर्श उपलब्ध कराता रहा है।

चौथे मोबाइल मेडिकल यूनिट सीसीएल के मगध-संघमित्रा क्षेत्र अंतर्गत लातेहार जिले के बारीयातु और बालूमाथ प्रखंड के 23 गांवों में आगामी दो वर्षों तक नियमित स्वास्थ्य सेवाएं देगा। इस परियोजना से लगभग 37,000 ग्रामीण प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे, जिनमें परियोजना प्रभावित परिवार भी शामिल हैं।

यह मोबाइल मेडिकल यूनिट आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित है, जिसमें सामान्य ओपीडी सेवा, निःशुल्क दवा वितरण, मधुमेह जांच, सीबीसी और सामान्य रक्त जांच, टीबी जांच के लिए आरटी-पीसीआर सुविधा, एआई पोर्टेबल एक्स-रे एवं ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग के लिए थर्मल स्कैनर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

डॉक्टर, नर्स और कम्युनिटी मोबिलाइजर की टीम के साथ यह यूनिट सप्ताह में छह दिन विभिन्न गांवों का रोटेशन के आधार पर भ्रमण करेगी, ताकि ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उनके निकट उपलब्ध हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story