सीसीएल-अर्पिता महिला मंडल ने किया शुद्ध शीतल पेयजल केंद्र का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
सीसीएल-अर्पिता महिला मंडल ने किया शुद्ध शीतल पेयजल केंद्र का उद्घाटन


रांची, 21 अप्रैल (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) एवं अर्पिता महिला मंडल के संयुक्त सौजन्य से सीसीएल दरभंगा हाउस के मुख्य द्वार पर शुद्ध एवं शीतल पेयजल केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए शुरू किए गए इस केंद्र से अब आम लोगों, कर्मचारियों एवं राहगीरों को नियमित रूप से ठंडा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में स्वच्छ और ठंडे पेयजल की उपलब्धता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मंडल हमेशा समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। आगे भी इस तरह की पहल जारी रखी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान मंडल की ओर से महिला कर्मियों, सुरक्षा में तैनात जवानों, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों, स्कूली बच्चों, सफाईकर्मियों तथा अन्य जरूरतमंदों के बीच ठंडा पेयजल, मिठाई, छाछ एवं शिकंजी का वितरण किया गया। इससे उपस्थित लोगों को गर्मी में काफी राहत मिली। उद्घाटन कार्यक्रम में अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह, उपाध्यक्षा इंदु मिश्रा, रीता तिवारी सहित मंडल की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में सीसीएल के महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story