सीसीएल ने बांटे आंवला सहित अन्य पौधे

WhatsApp Channel Join Now
सीसीएल ने बांटे आंवला सहित अन्य पौधे


रांची, 03 जून (हि.स.)।

रांची। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के तहत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को फलदार पौधों के वितरण किया गया। पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम के अवसर पर सीसीएल कर्मियों के बीच लगभग सैकडों फलदार पौधों का वितरण किया गया। इनमें आंवला, अनार, अमरूद, सीताफल और आम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल थे।

सीसीएल के निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा ने कर्मियों से अधिकाधिक पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के पहल का मूल उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिवारों को पौधारोपणके लिए प्रेरित करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। निदेशक (तकनीकी-संचालन) चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

पौधारोपण जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है। मौके पर पर्यावरण जागरूकता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सतत विकास जैसे विषयों पर जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण और पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।

सीसीएल ने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी-संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story