सीसीएल में जेम की नई सुविधाओं पर क्षमता निर्माण पर कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
सीसीएल में जेम की नई सुविधाओं पर क्षमता निर्माण पर कार्यक्रम


रांची, 23 सितंबर (हि.स.)।

सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) रांची के सतर्कता विभाग के तत्वावधान में बुधवार को जेम –नई सुविधाएं और कार्यप्रणाली विषय पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि प्रतिभागियों को गवर्मेंट ई मार्केटप्लेस (जेम) की नवीनतम सुविधाओं, प्रक्रियाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी देकर खरीद संबंधी कार्यों में दक्षता बढ़ाने की बात पर यह आयोजन बेहतर साबित होगा।

इस अवसर पर जेम के निदेशक एवं नोडल अधिकारी, दिल्ली, सूरज शर्मा और झारखंड स्थित उनकी टीम ने प्रतिभागियों को जेम पोर्टल की नवीनतम सुविधाओं और खरीद प्रक्रिया से जुड़ी कार्यप्रणाली की जानकारी दी। सत्र के दौरान निर्धारित गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करते हुए सर्वोत्तम उपलब्ध मूल्य (एल-1) पर खरीद प्रक्रिया को प्रभावी और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के महत्व पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में कई प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। संवादात्मक एवं सहभागितापूर्ण सत्र में प्रतिभागियों ने जेम से जुड़े नवीनतम प्रावधानों और विकासों को समझा। इसके साथ ही, खरीद संबंधी कार्यों में कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए उपयोगी जानकारी प्राप्त की।

सीसीएल के अनुसार, यह क्षमता निर्माण कार्यक्रम कंपनी में पारदर्शी, दक्ष और प्रभावी खरीद प्रक्रियाओं को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) अनूप हंजूरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार, महाप्रबंधक (एमएम) राज किशोर और महाप्रबंधक (एचआरडी) एमएफ हक मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story