सीबीएसई कौशल प्रदर्शनी में एसजीएनपीएस के तीन परियोजनाओं का चयन

WhatsApp Channel Join Now
सीबीएसई कौशल प्रदर्शनी में एसजीएनपीएस के तीन परियोजनाओं का चयन


सीबीएसई कौशल प्रदर्शनी में एसजीएनपीएस के तीन परियोजनाओं का चयन


रामगढ़, 01 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच और तकनीकी दक्षता के दम पर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों की तीन अभिनव परियोजनाओं का चयन सीबीएसई कौशल प्रदर्शनी के क्षेत्रीय स्तर (झारखंड) के लिए किया गया है। क्षेत्रीय स्तर की प्रदर्शनी का आयोजन गुरु नानक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रांची में किया गया।

क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के बीच हुई प्रतिस्पर्धा के बाद एसजीएनपीएस रामगढ़ की तीन परियोजनाओं को क्षेत्रीय स्तर के लिए चयनित किया गया। इनमें पहली परियोजना एनीमेशन, गेमिंग, दृश्य प्रभाव एवं कॉमिक्स (कंप्यूटर विज्ञान) कौशल वर्ग की ‘लॉस्ट सर्च ऐप’ है। दूसरी परियोजना कंप्यूटर विज्ञान कौशल वर्ग की ‘मील प्लानर ऐप’ है। दोनों परियोजनाओं में कक्षा दसवीं के विद्यार्थी पीयूष कुमार (एक्स-डी) एवं कुमार श्रेयांश राज (एक्स-सी) टीम सदस्य हैं।

तीसरी परियोजना कृषि एवं ग्रामीण विकास/विज्ञान कौशल वर्ग की ‘अनाज उठाने एवं संभालने के लिए बनाए गए उपकरण’ है। इस परियोजना में कक्षा 12वीं विज्ञान अल्फा की छात्राएं साक्षी कुमारी एवं सामिया जावेद शामिल हैं।

विद्यालय के प्राचार्य हरजाप सिंह ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, नवाचार की भावना और अथक परिश्रम का प्रमाण है। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ-साथ मार्गदर्शक शिक्षकों के प्रयासों की भी सराहना की।

विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक और विद्यार्थियों ने चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्रीय स्तर की प्रदर्शनी में बेहतर प्रदर्शन की कामना की। इस अवसर पर कंप्यूटर विभाग के शिक्षकों के प्रयासों की भी सराहना की गई।

विद्यार्थियों को बधाई देने वालों में गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान परमदीप सिंह कालरा, विद्यालय प्रबंधक समिति के सदस्य सरदार मनमोहन सिंह लांबा, सरदार हरपाल सिंह अरोड़ा, सरदार सुरिंदर पाल सिंह चंडोक, सरदार कुलजीत सिंह कालरा, सरदार वरिंदर सिंह चंडोक सहित अन्य शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story