झारखंड सरकार के खिलाफ भ्रामक पोस्ट काे लेकर साइबर थाने में केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड सरकार के खिलाफ भ्रामक पोस्ट काे लेकर साइबर थाने में केस दर्ज


रांची, 29 सितंबर (हि.स.)। रांची के साइबर क्राइम थाना में सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट फैलाने का एक गंभीर मामला मंगलवार को प्रकाश में आया है। हिडेन बायोग्राफी नामक फेसबुक पेज के संचालक की ओर से झारखंड के मुख्यमंत्री का फोटो और ग्राफिक्स का इस्तेमाल कर एक भ्रामक पोस्ट शेयर किया गया है, जिससे समाज में लोक शांति भंग होने की आशंका जताई गई है। इस संबंध में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

साइबर थाना, रांची के थाना प्रभारी (पुलिस उपाधीक्षक) को दिए गए आवेदन के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को हिडेन बायोग्राफी नामक फेसबुक पेज के संचालक की ओर से दुर्भावनापूर्ण और कपटपूर्ण मंशा से यह भ्रामक पोस्ट किया गया था।

आवेदन में बताया गया है कि उक्त फेसबुक पेज के संचालक ने मुख्यमंत्री, झारखंड सरकार का फोटोग्राफ और ग्राफिक्स का इस्तेमाल करते हुए एक भ्रामक टिप्पणी शेयर की थी। पोस्ट में लिखा गया था कि यदि आप हिजाब, बुर्का या मास्क पहनकर बाहर जाते हैं, तो आपको संदिग्ध माना जाएगा। बिहार के बाद यह नियम झारखंड में भी लागू कर दिया गया है। पाेस्ट में लिखा गया है कि क्या आप इस निर्णय का समर्थन करते हैं।

शिकायत में यह स्पष्ट किया गया है कि फेसबुक पेज के धारक, प्रयोगकर्ता या संचालक की ओर से झारखंड सरकार के विरुद्ध इस तरह का मनगढ़ंत, भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट पूरी तरह से कपटपूर्ण मंशा से किया गया है। शिकायतकर्ता ने कहा है कि इस तरह की झूठी सूचनाओं से समाज में भ्रम फैलने और लोक शांति भंग होने की पूर्ण संभावना है।

इसलिए साइबर थाना पुलिस से अनुरोध किया गया है कि वे इस पूरे मामले की जांच और तकनीकी सत्यापन करते हुए हिडेन बायोग्राफी फेसबुक पेज के संचालक एवं प्रयोगकर्ता के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story