गढ़वा पुलिस पर पथराव मामले में 80 नामजद और 400 अज्ञात पर केस, 14 गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गढ़वा पुलिस पर पथराव मामले में 80 नामजद और 400 अज्ञात पर केस, 14 गिरफ्तार


गढ़वा, 17 अप्रैल (हि.स.)।जिले के महुलिया मोड़ पर गुरुवार शाम पुलिस पर हुए पथराव मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में 80 लोगों पर नामजद और 400 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। गढ़वा पुलिस ने अब तक 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि घटनास्थल से 24 बाइक बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, इलाके में अतिरिक्त बल तैनात हैं और फिलहाल स्थिति सामान्य है।

जानकारी के अनुसार, महूलिया गांव में गुरुवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद लोग उग्र हो गए और सड़क जाम की। सड़क जाम की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो उन्हें ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस बीच लोगों ने अचानक पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें 25 से अधिक पुलिस पदाधिकारी और जवान घायल हो गए। सभी घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज किया गया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने पहले हल्का बल प्रयोग किया, लेकिन भीड़ के उग्र होते ही लाठीचार्ज किया था। इसके बाद भी जब प्रदर्शनकारी नहीं मानें तो पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए हवाई फायरिंग की। हवाई फायरिंग की आवाज से इलाके में भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे, जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई थी। घटना के बाद एसपी अमन कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रण में किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story