तालाब में गिरी कार, शादी से लौट रहे दो लोगों की मौत
रांची, 07 मई (हि.स.)। रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। यह घटना चालाडी गांव के पास घटी जब एक कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में तीन लोग सवार थे, जिनमें से एक युवक तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा।
कार सवार सहित सभी लोग रामगढ़ जिले के बरलंगा ओपी क्षेत्र के रहने वाले थे और एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। लौटने के दौरान चालाडी गांव के समीप अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे तालाब में जा गिरा।
हादसे के बाद कार तेजी से पानी में डूबने लगी। कार में मौजूद शुभम गुप्ता किसी तरह बाहर निकल आया। उसने स्थानीय लोगों और पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही तमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तालाब में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तमाड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने 42 वर्षीय करमजीत और 40 वर्षीय रिंकी गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि कार सवार लोग नशे की हालत में हो सकते हैं, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है।
तमाड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मोदी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा गया। वहीं, तालाब में डूबी कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाल लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

