छावनी परिषद रामगढ़ का करेगा पुनर्निर्माण, जी प्लस 4 भवन निर्माण के लिए गजट प्रकाशित

WhatsApp Channel Join Now
छावनी परिषद रामगढ़ का करेगा पुनर्निर्माण, जी प्लस 4 भवन निर्माण के लिए गजट प्रकाशित


रामगढ़, 15 अक्टूबर (हि.स.)। छावनी परिषद अब शहर का पुनर्निर्माण करेगा। इसे लेकर अब जी प्लस-1 भवन की जगह राजधानी रांची की तरह मल्टीस्टोरीज बिल्डिंग, अपार्टमेंट और आलीशान मॉल बनने का रास्ता लगभग तय हो गया है। रामगढ़ कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर रक्षा मंत्रालय ने जी प्लस-4 भवन निर्माण के लिए गजट का प्रकाशन भी कर दिया है। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद रामगढ़ का बाजार भी अब राजधानी रांची की तरह चमकने लगेगा। यहां के बाजारों में भी चार चांद लगेगा और बड़े ब्रांड्स के शॉपिंग मॉल खुल सकते हैं।

रामगढ़ छावनी परिषद की प्रस्तावित भवन उप-विधियों, 2026 को लेकर आम लोगों और संबंधित संस्थाओं से आपत्ति और सुझाव मांगे गए हैं। छावनी परिषद ने इस संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी कर स्पष्ट किया है कि राजपत्र में प्रकाशन की तिथि से 30 दिनों के भीतर आपत्ति और सुझाव दर्ज कराए जा सकते हैं। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त आपत्तियों और सुझावों पर विचार नहीं किया जाएगा। आपत्ति और सुझाव ई-मेल के माध्यम से सीईओआरएमजी-एसटीएटीएस ऐट दि रेट ऑफ एनआईसी डॉट आईएन पर भेजे जा सकते हैं। इसके अलावा, छावनी परिषद रामगढ़ के कार्यालय में लिखित रूप से भी आवेदन जमा किया जा सकता है।

छावनी परिषद के सीईओ की ओर से रामगढ़ शहर में सहायक भवन, सुविधा स्थल, अपार्टमेंट, अंडरग्राउंड बिल्डिंग, भवन की ऊंचाई, निर्मित भवन क्षेत्र में होने वाले विस्तार सहित कई बिंदुओं पर विचार किया है। गजट में रामगढ़ के गली मुहल्लों और बाजार में बड़ा बदलाव होने के संकेत हैं।

शहर के विकास पर लगातार ध्यान दे रहे छावनी परिषद के सीईओ विवेक सिंह ने इस गजट को बेहद महत्वाकांक्षी बताया है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ शहर के विकास में यह गजट काफी सहायक होगा। निर्धारित समय सीमा के बाद शहर में ऊंचे भवन और मार्केट आसानी से बनाए जा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761554 Articles

Share this story