छावनी परिषद ने जारी किया टैक्स का नया स्लैब, पूर्व उपाध्यक्ष ने जताई आपत्ति

WhatsApp Channel Join Now
छावनी परिषद ने जारी किया टैक्स का नया स्लैब, पूर्व उपाध्यक्ष ने जताई आपत्ति


रामगढ़, 14 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़ छावनी परिषद की बोर्ड बैठक के बाद टैक्स का नया स्लैब जारी हो गया है। इसके साथ ही छावनी क्षेत्र में राजनीति भी शुरू हो गई है। एक तरफ जहां छावनी परिषद के सीईओ अनंत आकाश ने कहा कि जनता पर आर्थिक बोझ नहीं दिया गया है। आंशिक तौर पर टैक्स की बढ़ोतरी की गई है। दूसरी तरफ छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सरदार अनमोल सिंह ने बोर्ड बैठक को ही नियमावली के विरुद्ध बताया। उन्होंने कहा की वर्तमान तदर्थ कमेटी महत्वपूर्ण निर्णय लेने के लिए सक्षम नहीं है।

इस मुद्दे पर छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सरदार अनमोल सिंह ने कहा कि जनता पर टैक्स का बोझ बढ़ाना नियमसंगत नहीं है। वर्तमान समय में छावनी परिषद तदर्थ बोर्ड के तहत संचालित हो रही है और यह बोर्ड महत्वपूर्ण निर्णय लेने के लिए सक्षम नहीं है।

छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सरदार अनमोल सिंह ने कहा कि तदर्थ बोर्ड में तीन ही सदस्य होते है। इसमें स्थानीय विधायक की बोर्ड में उपस्थिति भी समझ से परे है। उन्होंने कहा कि बोर्ड बैठक में कांग्रेस विधायक ममता देवी को आमंत्रित सदस्य के रूप में बताया गया। उन्होंने भी रामगढ़ की जनता के बारे में नहीं सोचा। उन्होंने टैक्स बढ़ोतरी के मुद्दे पर विरोध नहीं जताया। पूर्व उपाध्यक्ष ने टैक्स स्लैब पर भी आपत्ति जताई और कहा कि इससे अमीरों पर कम और गरीबों पर टैक्स का बोझ बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि बढ़ाया गया टैक्स जल्द वापस लिया जाए, नहीं तो जनता आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

छावनी परिषद के सीईओ अनंत आकाश ने बताया कि छावनी परिषद की बोर्ड बैठक में टैक्स बढ़ोतरी पर चर्चा हुई। वर्ष 2024 से अभी तक टैक्स की बढ़ोतरी नहीं की गई थी। इसलिए पिछले तीन वर्षों का एवरेज देखकर जनता पर ज्यादा आर्थिक बोझ ना डालते हुए आंशिक बढ़ोतरी की गई है। जिन लोगों का टैक्स 2000 तक था, उनके टैक्स में 05 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। 2000 से 4000 तक टैक्स देने वाले लोगों पर 04 प्रतिशत टैक्स की बढ़ोतरी हुई है। वहीं 4000 से 6000 के बीच टैक्स देने वाले लोगों पर 03 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जबकि 6000 से 8000 का टैक्स देने वाले नागरिकों पर 02 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं 10 हजार से ऊपर का टैक्स भरने वालों पर 01 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story