राजस्व कर्मचारी की हत्या के विरोध में कैंडल मार्च, 29 को कलम बंद हड़ताल

WhatsApp Channel Join Now
राजस्व कर्मचारी की हत्या के विरोध में कैंडल मार्च, 29 को कलम बंद हड़ताल


राजस्व कर्मचारी की हत्या के विरोध में कैंडल मार्च, 29 को कलम बंद हड़ताल


रामगढ़, 27 अक्टूबर (हि.स.)। रांची के अरगोड़ा अंचल में कार्यरत राजस्व कर्मचारी लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में मंगलवार की शाम रामगढ़ में झारखंड राज्य राजस्व उप निरीक्षक संघ की ओर से कैंडल मार्च निकाला गया।

मौके पर 28 अक्टूबर को काला बिल्ला लगाकर काम करने और 29 अक्टूबर को कलम बंद हड़ताल करने का ऐलान किया है। इस घटना को लेकर राजस्व कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। संघ ने हत्या में शामिल आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की। कैंडल मार्च सिविल कोर्ट परिसर से शुरू होकर समाहरणालय परिसर तक निकाला गया। इस दौरान संघ के सदस्यों ने दिवंगत राजस्व कर्मचारी को श्रद्धांजलि देते हुए हत्या की घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से मामले में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।

मार्च के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज से मुलाकात की और उन्हें अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मामले में आवश्यक पहल करने और संघ की मांगों को राज्य सरकार तक पहुंचाने का आग्रह किया। इस अवसर पर संघ के रामगढ़ जिला अध्यक्ष आनंद कुमार ने कहा कि राजस्व उप निरीक्षक लक्ष्मीकांत मुंडा की निर्मम हत्या से राज्यभर के कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि हत्या में शामिल दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

आनंद कुमार ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो संघ अपनी मांगों को लेकर व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। संघ राज्यव्यापी आंदोलन के तहत 28 अक्टूबर को काला बिल्ला लगाकर काम करने और 29 अक्टूबर को कलम बंद हड़ताल करने का ऐलान किया है।

कैंडल मार्च में संघ के संरक्षक सुखदेव कुमार, सचिव मनोज कुमार, उपाध्यक्ष कन्हैया कुमार एवं राजेंद्र प्रसाद, संयुक्त सचिव दीपक कुमार, कोषाध्यक्ष अमित कुमार लोहरा, शुभम कुमार सहित संघ के अन्य सदस्य शामिल हुए। इस आंदोलन को अंचल निरीक्षक और अमीन संघ ने भी अपना समर्थन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767930 Articles

Share this story