रामगढ़ सदर अस्पताल में शुरू होगी कैंसर ओपीडी

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ सदर अस्पताल में शुरू होगी कैंसर ओपीडी


रामगढ़, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के कैंसर मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अब सदर अस्पताल, रामगढ़ में विशेष ऑन्कोलॉजी ओपीडी के माध्यम से कैंसर विशेषज्ञ की चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल से मरीजों को अपने जिले में ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, कैंसर की स्क्रीनिंग और जांच रिपोर्ट की समीक्षा कराने की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही अस्पताल में कीमोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

इस संबंध में गुरुवार को सदर अस्पताल स्थित डीएस चैंबर में सिविल सर्जन सह उपाधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष कैंसर ओपीडी के संचालन और आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। जिला प्रशासन के अनुसार, इस व्यवस्था को डीसी ऋतुराज का अंतिम अनुमोदन मिल चुका है। निर्धारित व्यवस्था के तहत प्रत्येक महीने के प्रथम और तृतीय गुरुवार को दोपहर 12 बजे से दो बजे तक मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. श्रीकांत अन्ने मरीजों को परामर्श देंगे। इस दौरान कैंसर से संबंधित समस्याओं की जांच, उपचार संबंधी मार्गदर्शन और पहले कराई गई जांचों की रिपोर्ट की समीक्षा की जाएगी।

डीसी ऋतुराज ने बताया कि कैंसर के इलाज के लिए मरीजों को अक्सर बड़े शहरों के अस्पतालों में जाना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक बोझ के साथ आवागमन की परेशानी भी उठानी पड़ती है। सदर अस्पताल में विशेष ओपीडी शुरू होने से जिले के मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ सलाह मिल सकेगी। कीमोथेरेपी की सुविधा से पात्र मरीजों को निर्धारित चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

उन्हाेंने बताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की इस पहल का उद्देश्य कैंसर मरीजों को समय पर चिकित्सकीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कैंसर से संबंधित लक्षण दिखाई देने पर देर न करें और समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेकर आवश्यक जांच एवं उपचार कराएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769018 Articles

Share this story