राशन नहीं लेने वाले कार्डधारियों का कार्ड रद्द कर नए योग्य लाभुकों का जोड़ें नाम : डीसी
रामगढ़, 15 जून (हि.स.)। डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं
और कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान बैठक में सर्वप्रथम जिला आपूर्ति पदाधिकारी निशा कुमारी ने डीसी सहित अन्य को पीपीटी के माध्यम से पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में की गई कार्रवाई और वर्तमान प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने जिले में खाद्यान्न वितरण, डीलरों की स्थिति और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
बैठक के दौरान डीसी ने नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए समीक्षा के क्रम में आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (बीएसओ) को प्रतिमाह अनिवार्य रूप से अपने-अपने क्षेत्र की पीडीएस दुकानों का भौतिक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने केवल दुकानों ही नहीं, बल्कि गोदामों और पैक्स का भी नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने को कहा। साथ ही योग्य लाभुकों को लाभ पहुंचाने के लिए एनएफएसए और जेएसएफएसएस के तहत मिलने वाले लाभों की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए बेहतर मॉनीटरिंग करने का निर्देश दिया।
बैठक में डीलर की संख्या और उनके आवंटन की समीक्षा की गई। डीसी ने खराब प्रदर्शन करने वाले और अनियमितता बरतने वाले पीडीएस डीलर को चिन्हित कर उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान डीसी ने सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना सोना सोबरन धोती साड़ी वितरण के तहत समाज के गरीब और वंचित वर्गों के बीच धोती, लुंगी और साड़ी वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई। डीसी ने वितरण की रफ्तार बढ़ाने और छूटे हुए लाभुकों को जल्द से जल्द आच्छादित करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत धान अधिप्राप्ति को लेकर अब तक किए गए कार्यों, पैक्स (पीएसीएस) के माध्यम से धान की उठान और किसानों को किए गए भुगतानों की भी विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान डीसी ने कहा कि वैसे कार्डधारी जो लंबे समय से राशन का उठाव नहीं कर रहे हैं, उन्हें नियमानुसार नोटिस निर्गत करने का निर्देश दिया गया। नोटिस के बाद भी सुधार न होने पर उनके कार्ड रद्द कर, प्रतीक्षा सूची में शामिल नए योग्य लाभुकों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया गया।
बैठक में मुख्य रूप से अपर समाहर्ता मनिद्र भगत, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं जिला आपूर्ति कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

