रांची में अफीम की खेती के खिलाफ चला जागरूकता अभियान, 8 वाहनों को दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
रांची में अफीम की खेती के खिलाफ चला जागरूकता अभियान, 8 वाहनों को दिखाई हरी झंडी


रांची, 25 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रांची में अफीम की अवैध खेती रोकने और लोगों को इसके नुकसान के प्रति सचेत करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा जागरूकता अभियान शुरू किया है। बुधवार को डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने मोरहाबादी मैदान से आठ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिले के अलग-अलग इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर लोगों को बताएंगे कि अफीम की खेती से समाज, परिवार, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण को कितना नुकसान होता है। प्रशासन का मकसद लोगों को इस अवैध काम से दूर रखना और जिले को नशामुक्त बनाना है।

अभियान के जरिए लोगों को साफ तौर पर बताया जा रहा है कि अफीम उगाना या इसके लिए अपनी जमीन देना एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर अपराध है। इस मामले में 20 साल तक की सजा या आजीवन कारावास के साथ जुर्माना भी हो सकता है। प्रशासन ने अपील की है कि ज्यादा कमाई के लालच में न तो खुद अफीम की खेती करें और न ही किसी को अपनी जमीन लीज या पट्टे पर दें। यदि कहीं भी अफीम की खेती की जानकारी मिलती है, तो लोग पुलिस-प्रशासन को सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम, पता और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफीम की खेती या इसके कारोबार में शामिल लोगों और पहले से आरोप पत्रित व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए जाएंगे साथ ही अवैध खेती से कमाए गए पैसे और बनाई गई संपत्तियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783272 Articles

Share this story