निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ चलेगा हस्ताक्षर अभियान
देवघर, 16 अप्रैल (हि.स.)। निजी विद्यालयों की मनमानी और अभिभावकों के कथित आर्थिक शोषण के खिलाफ जिले में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में जिला इंटक के अध्यक्ष अनंत मिश्रा, झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार, देवघर जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष प्रमिला देवी और जिला इंटक की महासचिव पूजा देवी ने संयुक्त बयान जारी किया है।
नेताओं ने कहा कि निजी स्कूलों की ओर से विभिन्न माध्यमों से छात्रों के अभिभावकों से लगातार आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। हर वर्ष री-एडमिशन फीस, किताबों के प्रकाशक बदलना, निर्धारित दुकानों से ड्रेस खरीदने की बाध्यता, ट्यूशन फीस, नई किताबें, पोशाक, जूते, डेवलपमेंट चार्ज के नाम पर मनमाना तरीके से वसूली की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह कहना गलत नहीं होगा कि निजी विद्यालय अभिभावकों का आर्थिक दोहन बड़े पैमाने पर कर रहे हैं। शिक्षा का व्यवसायीकरण इस हद तक बढ़ गया है कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार अपने बच्चों को अच्छे स्कूलों में पढ़ाने से वंचित हो रहे हैं। इंटक नेताओं ने कहा कि इसी के विरोध में पूरे देवघर जिले में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, ताकि प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

