कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में रक्षाबंधन पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में रक्षाबंधन पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प


रांची, 27 अगस्त (हि.स.)।

कांके रोड स्थित कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में गुरुवार को रक्षाबंधन का पर्व उत्साह और सांस्कृतिक भावनाओं के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने आकर्षक राखियां तैयार कीं और विद्यालय परिसर में पेड़ों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा की वचनबद्धता का पर्व नहीं, बल्कि इसके भावनात्मक और सामाजिक मायने भी व्यापक हैं।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपने देश, संस्कृति और संस्कारों के प्रति भी जिम्मेदारी का रक्षासूत्र बांधने का संकल्प लेना चाहिए, ताकि भारत के प्राचीन मूल्यों के साथ देश की एकता और अखंडता की रक्षा की जा सके।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन विश्वास, नैतिकता, पारिवारिक मूल्यों और महिला सम्मान की भावना से जुड़ा पर्व है।

विद्यार्थियों को पर्व की मूल भावना को समझते हुए समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

विद्यालय परिसर में इससे करीब एक पखवाड़ा पूर्व दिव्यांगजनों के लिए कार्यरत संस्था दीपशिखा–चाइल्ड डेवलपमेंट एंड मेंटल हेल्थ, नामकुम के बच्चों द्वारा तैयार राखियों की प्रदर्शनी सह बिक्री के लिए स्टॉल लगाया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story