सीए फाउंडेशन परीक्षा परिणाम घोषित, रांची केंद्र से 81 परीक्षार्थी सफल
रांची, 03 जुलाई (हि.स.)। दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की ओर से मई 2026 में आयोजित सीए फाउंडेशन परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित किया गया। देशभर के 609 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 1,06,411 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 20.09 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की।
अखिल भारतीय स्तर पर नासिक की साक्षी जैन ने 400 में से 371 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। चंद्रपुर के अयान अब्बास अजानी ने 367 अंकों के साथ द्वितीय और पुणे के राधा उन्मेष मुलाय ने 365 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इधर, रांची परीक्षा केंद्र से कुल 548 परीक्षार्थियों में से 81 अभ्यर्थी सफल हुए। इनमें ईशा पोद्दार ने 368 अंक प्राप्त कर रांची केंद्र में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। अनुष्का केशरी ने 266 अंकों के साथ द्वितीय और सूरज अग्रवाल ने 260 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनीश जैन, उपाध्यक्ष सीए विवेक खोवाल, सचिव सीए दिलीप कुमार, कोषाध्यक्ष सीए हरेन्दर भारती और कार्यकारिणी सदस्य सीए अभिषेक केडिया, सीए भुवनेश ठाकुर एवं सीए निशांत मोदी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी सीए इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है और यह रांची शाखा के लिए भी गर्व का विषय है।
सीए फाउंडेशन के सभी सफल परीक्षार्थियों को बधाई देते हुए आईसीएआई के प्रेसिडेंट सीए प्रसन्ना कुमार डी ने कहा कि यह सफलता आपके चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की गौरवपूर्ण यात्रा का प्रथम महत्वपूर्ण पड़ाव है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

