रसोई गैस का दाम बढ़ाकर भाजपा ने गरीबों की रसोई पर डाला डाका : कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
रसोई गैस का दाम बढ़ाकर भाजपा ने गरीबों की रसोई पर डाला डाका : कांग्रेस


रांची, 07 मार्च (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने कहा है कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी कर भाजपा ने एक बार फिर देश की गरीब और मध्यम वर्गीय जनता पर महंगाई का भारी बोझ डाल दिया है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जिस समय आम लोग बढ़ती महंगाई से परेशान हैं, उस समय यह फैसला सीधे तौर पर जनता की रसोई पर हमला है।

उन्होंने कहा कि सबसे हैरानी की बात यह है कि भाजपा और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने हाल ही में साफ कहा है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों को भी खारिज किया है, जिनमें देश में ईंधन की कमी का दावा किया जा रहा था और इन्हें पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।

मुंजनी ने कहा कि सरकारी सूत्रों के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अंतरराष्ट्रीय चिंताओं के बावजूद भारत क्रूड ऑयल, पेट्रोलियम उत्पाद और एलपीजी की सप्लाई के मामले में बहुत आरामदायक स्थिति में है। देश के पास कई स्रोतों से पर्याप्त ऊर्जा आपूर्ति उपलब्ध है, जो संभावित बाधाओं से कहीं अधिक है।

ऐसी स्थिति में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब देश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है और सप्लाई भी पर्याप्त है तो फिर रसोई गैस की कीमतों में यह बढ़ोतरी क्यों की गई। इससे साफ जाहिर होता है कि भाजपा सरकार आम जनता की परेशानी की परवाह किए बिना लगातार महंगाई का बोझ उन पर डाल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story