मारवाड़ी युवा मंच के सेवा अभियान के अंतर्गत रांची में छाछ और ठंडे पानी का वितरण
रांची, 05 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच, रांची समर्पण शाखा द्वारा “प्यार बांटते चलो” नारे के तहत चलाए जा रहे ‘15 दिन 15 जनसेवा’ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को बकरी बाजार स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राहगीरों और श्रद्धालुओं के बीच ठंडी छाछ और शीतल जल का वितरण किया गया।
गर्मी से परेशान लोगों को इस सेवा कार्य से काफी राहत मिली। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए सकारात्मक संदेश देने वाला कदम बताया।
कार्यक्रम का संचालन शाखा सदस्य कोमल पोद्दार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने छाछ और ठंडा पानी ग्रहण किया।
शाखा की अध्यक्षा शुभा अग्रवाल ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाना और समाज में सेवा की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी विभिन्न स्थानों पर ऐसे जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सहायता मिल सके।
मीडिया प्रभारी वेदिका सिंघानिया ने जानकारी दी कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए छाछ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि 15 दिवसीय अभियान के तहत प्रतिदिन अलग-अलग सेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर सचिव रेखा राईका, कविता सोमानी, डॉली बंसल, शायरी अग्रवाल, वर्षा धानुका, वीणा शर्मा, निशु सर्राफ सहित शाखा के कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे और सेवा कार्य में सक्रिय योगदान दिया।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

