वीर बुली महतो की वीरगाथा को जन-जन तक पहुंचाना हमारा संकल्प : सुदेश

WhatsApp Channel Join Now
वीर बुली महतो की वीरगाथा को जन-जन तक पहुंचाना हमारा संकल्प : सुदेश


रांची, 27 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के महान क्रांतिकारी और कोल विद्रोह के अग्रणी सेनानी वीर बुली महतो की 241वीं जयंती शुक्रवार को सिल्ली स्थित आजसू पार्टी के प्रधान कार्यालय में श्रद्धा के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने वीर बुली महतो के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर उनके वंशज प्रदीप कुमार महतो, गांव के युवा और उनके जीवन और संघर्ष पर शोध कर रहे सिल्ली कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर श्रीकांत महतो को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि वीर बुली महतो जैसे महान क्रांतिकारियों का इतिहास किसी एक परिवार, समाज या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे झारखंड की साझा ऐतिहासिक विरासत है।

उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत, शोषण और जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ जिस साहस और दृढ़ता के साथ संघर्ष किया, वह आज भी हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है। उस दौर में न संसाधन थे और न सत्ता का संरक्षण, लेकिन अपने समाज, जमीन और स्वाभिमान की रक्षा का अदम्य संकल्प था। उन्होंने अपने अधिकारों के लिए संघर्ष का रास्ता चुना और अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

वीर बुली महतो की लगाई जाएगी प्रतिमा

उन्होंने घोषणा की कि आजसू पार्टी वीर बुली महतो की ऐतिहासिक विरासत को उचित पहचान और सम्मान दिलाने के लिए ठोस पहल करेगी।

उनकी जन्मस्थली सोनाहतु प्रखंड के लांदुपडीह पंचायत स्थित कोड़ाडीह गांव में जमीन चिह्नित कर एक संस्था स्थापित करने और उनकी प्रतिमा लगाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।

साथ ही उनके जीवन, संघर्ष और बलिदान से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों का संकलन कर उन्हें व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने की पहल की जाएगी।

इस अवसर पर वीर बुली महतो के जीवन और संघर्ष पर शोध कर रहे सिल्ली कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर श्रीकांत महतो ने अपने शोध के आधार पर उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि वीर बुली महतो ने क्षेत्र में हुए भूमिज विद्रोह में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

कार्यक्रम में केंद्रीय संगठन सचिव जयपाल सिंह, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष चित्तरंजन महतो, केंद्रीय सचिव सुशील महतो, लक्ष्मण महतो, मुखिया कन्हैया लोहरा, संबत बड़ाइक, सुभाष महतो, मनोज साव, शशि सोनार, शत्रुघ्न महतो, विकास महतो, गणेश महतो सहित बड़ी संख्या में आजसू पार्टी के नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story