पेड़ के नीचे चल रहा था ब्राउन शुगर का धंधा, तीन गिरफ्तार
गोड्डा, 02 जून (हि.स.)। गोड्डा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से कुल 2.78 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है, जिसे 20 पुड़िया में रखा गया था।
पुलिस अधीक्षक, गोड्डा को 01 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि खटनई और प्रतापपुर हटिया से आमड़ाकामत जाने वाली सड़क पर एक बरगद के पेड़ के नीचे कुछ लोग ब्राउन शुगर का सेवन और क्रय-विक्रय कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान प्रतापपुर हटिया के समीप से तीन आरोपितों सत्यजीत पासवान (19), गौरव कुमार (22) और बालमुकुन्द साह (40), सभी निवासी खटनई को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान इनके पास से 2.78 ग्राम ब्राउन शुगर, सिगरेट का एक पैकेट और एक माचिस बरामद की गई।
इस संबंध में गोड्डा (मु) मोतिया ओपी में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार के मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस छापामारी अभियान में पुलिस उपाधीक्षक सहित सदर प्रभाग और मोतिया ओपी के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार

