लातेहार में कार-बाइक की टक्कर में दो सगे भाइयों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
लातेहार में कार-बाइक की टक्कर में दो सगे भाइयों की मौत


लातेहार, 13 जून (हि.स.)। लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत लातेहार-सरयू मुख्य मार्ग पर शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के गांव मूर्तियां में मातम का माहौल है।

मृतकों की पहचान चंदवा थाना क्षेत्र के मूर्तियां गांव निवासी वीरेंद्र उरांव और उनके छोटे भाई सुरेंद्र उरांव के रूप में की गई है। दोनों किसी निजी कार्य से सरयू क्षेत्र गए हुए थे और मोटरसाइकिल से वापस लातेहार लौट रहे थे। इसी दौरान खुटगड़ी गांव के समीप उनकी बाइक की विपरीत दिशा से आ रही एक कार से जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयावह थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना के बाद दोनों युवक कार के नीचे फंस गए थे। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त कार और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। दुर्घटना के समय वाहन की गति, सड़क की स्थिति, चालक की लापरवाही और अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि लातेहार-सरयू मार्ग पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं। लोगों ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेतक, गति नियंत्रण उपाय और नियमित यातायात निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

इधर, जैसे ही हादसे की सूचना मूर्तियां गांव पहुंची, मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। एक ही परिवार के दो बेटों की एक साथ मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार

Share this story