गांव-गांव न्याय की पहुंच, जस्टिस सर्किट अभियान से ग्रामीणों को किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
गांव-गांव न्याय की पहुंच, जस्टिस सर्किट अभियान से ग्रामीणों को किया जागरूक


रामगढ़, १३ अक्टूबर (हि. स.)। आम लोगों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार रामगढ़ के तत्वावधान में जस्टिस सर्किट अभियान के तहत छोटकी डुंडी, रतवे और मांडू में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता और उनके अधिकारों की जानकारी दी गई।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार के अध्यक्ष मो तौफीकुल हसन और प्राधिकार के सचिव अनिल कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में सहायक एलएडीसी अभिनव कुमार ने प्राधिकार के कार्यों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्राधिकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने ग्रामीणों से कानूनी समस्या होने पर प्राधिकार से संपर्क करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों, बाल श्रम, बाल विवाह, घरेलू हिंसा और मानव तस्करी जैसे गंभीर विषयों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों तक कानूनी जानकारी पहुंचाना और समाज के प्रत्येक वर्ग को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा।

कार्यक्रम में पारा विधिक स्वयंसेवक पुनीत महतो, फुर्तिलाल महतो, विमल राम एवं निरंजन कुमार मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760867 Articles

Share this story