विश्व स्तनपान सप्ताह पर क्विज प्रतियोगिता में नर्सिंग छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

WhatsApp Channel Join Now
विश्व स्तनपान सप्ताह पर क्विज प्रतियोगिता में नर्सिंग छात्रों ने दिखाई प्रतिभा


रांची, 03 अगस्त (हि.स.)। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के नवजात शिशु विभाग की ओर से सोमवार को स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की बात पर जागरूकता कार्यक्रम और क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम का उद्घाटन शिशु रोग विभागाध्यक्ष प्रो (डॉ) पीके चौधरी और नवजात शिशु विभागाध्यक्ष डॉ केएस दास ने किया। मौके पर उन्होंने नवजात शिशुओं के समुचित शारीरिक और मानसिक विकास, रोग प्रतिरोधक क्षमता और मातृ स्वास्थ्य के लिए स्तनपान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जन्म के बाद पहले छह माह तक केवल स्तनपान कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को स्तनपान के लाभ, सही तकनीक और पोजिशन, स्तनपान के दौरान आने वाली सामान्य समस्याओं और उनके समाधान की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद आयोजित क्विज प्रतियोगिता में रिम्स नर्सिंग कॉलेज के नमित कुमार और मयंक राज ने प्रथम, जूली कुमारी एवं सारणी ने द्वितीय तथा दीपांजना एवं प्रतिभा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

क्विज प्रतियोगिता का संचालन डॉ उमर हसन और डॉ प्रज्ञा ने किया। कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और स्तनपान के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों और विभिन्न नर्सिंग कॉलेजों के छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story