रिम्स में ब्रेन ट्यूमर का ऑपरेशन कर मस्तिष्क के महत्वपूर्ण हिस्से को सुरक्षित रखने में मिली सफलता

WhatsApp Channel Join Now
रिम्स में ब्रेन ट्यूमर का ऑपरेशन कर मस्तिष्क के महत्वपूर्ण हिस्से को सुरक्षित रखने में मिली सफलता


रांची, 30 अक्टूबर (हि.स.)। सफलता

राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स ), रांची के न्यूरोसर्जरी विभाग में 26 वर्षीय युवती पुष्पा कुमारी के दाहिने पार्श्विका भाग (राईट पैरिएंटल लोब) में स्थित ब्रेन ट्यूमर (ग्लायोमा) का सफल ऑपरेशन किया गया। यह मामला चिकित्सकीय दृष्टि से काफी चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि ट्यूमर मस्तिष्क के अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्से मोटर कॉर्टेक्स (मोटर कॉर्टेक्स ) के बिल्कुल करीब स्थित था। मोटर कॉर्टेक्स शरीर के विभिन्न अंगों की गतिविधियों को नियंत्रित करता है।

इस क्षेत्र को क्षति पहुंचने पर मरीज को हाथ-पैरों में कमजोरी या लकवा जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। इस जटिल ऑपरेशन में अत्याधुनिक ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप और सोडियम फ्लोरेसिन डाई तकनीक का उपयोग किया गया। इसकी सहायता से सर्जरी के दौरान ट्यूमर की पहचान और आसपास के महत्वपूर्ण मस्तिष्क ऊतकों को सुरक्षित रखने में मदद मिली। विशेष सावधानी और सटीक सर्जिकल तकनीक के माध्यम से मोटर कॉर्टेक्स जैसे महत्वपूर्ण हिस्से को सुरक्षित रखा गया।

यह ऑपरेशन न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद प्रकाश के नेतृत्व में किया गया। ऑपरेशन में न्यूरोसर्जरी टीम के डॉ. आनंद प्रकाश, डॉ. नयन एवं डॉ. कुमार दीपक शामिल थे। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. मुकेश, डॉ. राजेश, डॉ. वशिष्ठ, डॉ. संजय और डॉ. अधिश्री ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ऑपरेशन के दौरान नर्सिंग टीम सहित अन्य सहयोगी कर्मचारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

वर्तमान में मरीज की स्थिति स्थिर है। वह चिकित्सकों की निगरानी में हैं और खतरे से बाहर हैं। मरीज अपनी सामान्य दैनिक गतिविधियां जारी रखने की स्थिति में हैं। यह उपलब्धि रिम्स के न्यूरोसर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग की चिकित्सकीय दक्षता, आधुनिक तकनीक और सामूहिक प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769668 Articles

Share this story