विजयवाड़ा में करंट से बाेकाराे के युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
विजयवाड़ा में करंट से बाेकाराे के युवक की मौत


बोकारो, 24 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड से रोज़गार की तलाश में बाहर गए मजदूरों की असुरक्षा एक बार फिर उजागर हुई है। विजयवाड़ा में काम के दौरान करंट लगने से बोकारो जिले के युवक कार्तिक सरदार (24) की मौत हो गई। वह चास प्रखंड के मिर्धा पंचायत अंतर्गत चारगोई गांव का निवासी था और अपने परिवार का इकलौता सहारा था। उसके कंधों पर बीमार पिता और अविवाहित बहन की जिम्मेदारी थी, जबकि मां का पहले ही निधन हो चुका है। बेहतर आजीविका की तलाश में वह विजयवाड़ा गया था, लेकिन एक हादसे ने पूरे परिवार को बेसहारा कर दिया।

घटना के बाद मुआवजे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कंपनी प्रबंधन जहां 04 लाख रुपये देने पर तैयार है। वहीं पीड़ित परिवार 10 लाख रुपये मुआवजे की मांग पर अड़ा है। इस मामले में जेएलकेएम नेता अर्जुन रजवार सक्रिय हैं और उन्होंने परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की बात कही है। उनका कहना है कि 04 लाख रुपये में परिवार का भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता और न ही बहन की शादी संभव है। घटना के बाद चारगोई गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल, मामले को लेकर बातचीत जारी है और न्याय दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story