सनकी युवक ने की कुल्हाड़ी से वृद्ध दंपत्ति और बहू की हत्या

WhatsApp Channel Join Now
सनकी युवक ने की कुल्हाड़ी से वृद्ध दंपत्ति और बहू की हत्या


सनकी युवक ने की कुल्हाड़ी से वृद्ध दंपत्ति और बहू की हत्या


बोकारो, 05 अगस्त (हि.स.)। जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बस्तेजिया और कुकरलिलवा गांव के बीच खेत में धान की रोपाई करने जा रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर गांव के ही एक युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में वृद्ध दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उनकी बहू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान जानकी महतो (70), उनकी पत्नी और बहू गोरी देवी (45) के रूप में हुई है। गोरी देवी को घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से नावाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, चास रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी, एएसआई मिथिलेश सिंह और विमल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजू सिंह (40) को हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस तिहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर झामुमो युवा नेता अखिलेश महतो उर्फ राजू, नावाडीह मुखिया किरण देवी, पंचायत समिति सदस्य निर्मल महतो, सांसद प्रतिनिधि जयलाल महतो (जैली), सुरेश महतो, भाजपा नेता दशरथ महतो, विधायक प्रतिनिधि संदीप झारखंडी सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story