एससी और एसटी एक्ट के प्रभावी अनुपालन को लेकर पुलिस संवेदनशील

WhatsApp Channel Join Now
एससी और एसटी एक्ट के प्रभावी अनुपालन को लेकर पुलिस संवेदनशील


बोकारो, 18 जून (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक (एसपी) बोकारो के निर्देश पर गुरुवार को जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस निरीक्षकों के लिए एससी और एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रभावी अनुपालन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति से संबंधित मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करना था।

प्रशिक्षण के दौरान एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 में वर्ष 2015 एवं 2018 में किए गए संशोधनों के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें एफआईआर दर्ज करने, अनुसंधान, आरोप पत्र समर्पित करने, गिरफ्तारी, जमानत, अपील, पीड़ितों के अधिकार और मुआवजा से जुड़े नियमों पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कानून का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा सिविल अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1955 के तहत अस्पृश्यता, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर जातिगत भेदभाव जैसी घटनाओं में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने पर भी बल दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) जिले के सभी थाना प्रभारी और पुलिस निरीक्षक ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को कानून की बारीकियों से अवगत कराया गया और यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया कि एससी और एसटी से संबंधित मामलों में पीड़ितों को त्वरित न्याय मिले और किसी भी प्रकार के भेदभाव या अत्याचार के मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story