जामताड़ा में नदी किनारे से युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका
जामताड़ा, 16 जुलाई (हि.स.)। जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह नदी किनारे एक युवक का शव मिलने बरामद किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया ग्रामीणों ने युवक की हत्या कर शव को नदी किनारे फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, पाबिया से काशीटॉड जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित पुल के समीप नदी किनारे गुरुवार सुबह करीब छह बजे स्थानीय ग्रामीणों की नजर एक युवक के शव पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल नारायणपुर थाना पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान अशोक रवानी (35) के रूप में की। इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को नदी किनारे लाकर फेंक दिया गया। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ-साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
नारायणपुर थाना पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मृतक के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है तथा आसपास के लोगों से जानकारी जुटाकर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

