धुर्वा डैम में डूबे झारखंड विधानसभा कर्मी का शव 18 घंटे बाद बरामद
रांची, 21 अगस्त (हि.स.)। रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा डैम में कथित तौर पर कूदकर खुदकुशी करने वाले झारखंड विधानसभा के कर्मी बुलंद अख्तर का शव 18 घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की मदद से बरामद शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार, बुलंद अख्तर बुधवार को घर से निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान धुर्वा डैम के पास उनका वाहन और अन्य सामान मिलने की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना मिलने पर धुर्वा पुलिस मौके पर पहुंची और डैम के किनारे से बरामद वाहन, चप्पल और बरसाती को जब्त कर लिया। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम की मदद से डैम में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। करीब 18 घंटे की तलाश के बाद शुक्रवार को बुलंद अख्तर का शव बरामद हुआ।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बुलंद अख्तर ने डैम में छलांग लगाकर खुदकुशी की है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

