चतरा के जंगल में आधा जला अज्ञात महिला का शव बरामद

WhatsApp Channel Join Now
चतरा के जंगल में आधा जला अज्ञात महिला का शव बरामद


चतरा के जंगल में आधा जला अज्ञात महिला का शव बरामद


-प्रतापपुर थाना क्षेत्र के लाली माटी जंगल में मिला शव, दूसरी जगह हत्या कर फेंके जाने की आशंका

चतरा, 17 नवंबर (हि.स.)। चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के भरही-रबदा बॉर्डर स्थित लाली माटी जंगल में मंगलवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। शव सड़ी-गली अवस्था में था और उसका करीब 30 से 50 प्रतिशत हिस्सा जला हुआ बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर महिला के शव पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

ग्रामीणों के मुताबिक, जिस स्थान पर शव मिला है, उसके आसपास आग लगने या किसी चीज के जलने के निशान नहीं मिले हैं। इसके बावजूद महिला का शरीर आंशिक रूप से जला हुआ है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं अन्यत्र करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में लाकर फेंका गया होगा।

सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी के अनुसार, शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778350 Articles

Share this story