श्रमिकों के समाजिक सुरक्षा से संबंधित मांगों के लिए बीएमएस करेगा रांची में प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
श्रमिकों के समाजिक सुरक्षा से संबंधित मांगों के लिए बीएमएस करेगा रांची में प्रदर्शन


रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस), झारखंड प्रदेश की बैठक शुक्रवार को रांची के धुर्वा स्थित प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी.सुरेंद्रन के नेतृत्व में हुई। बैठक में श्रमिकों और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए केंद्र सरकार के समक्ष रखी गई 11 सूत्री मांगों के समर्थन में आंदोलन को व्यापक रूप देने का निर्णय लिया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि श्रमिकों की लंबित मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ,रांची जिला के नेतृत्व में प्रदर्शन करेगा। प्रदर्शन के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार का ध्यान श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा,उचित वेतन, पेंशन,रोजगार सुरक्षा एवं श्रम कानूनों से जुड़े मुद्दों की ओर आकर्षित किया जाएगा।

संगठन की प्रमुख मांगों में ईपीएस-95 के तहत न्यूनतम पेंशन 1,000 से बढ़ाकर 7,500 प्रतिमाह रुपये कर इसे आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने, ईपीएफ, ईएसआईसी और बोनस की गणना के लिए कवरेज की अधिकतम सीमा (सीलिंग लिमिट) को दोगुना करने,पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को पुनः बहाल एवं लागू करने,वेतन की गणना 15 दिन के स्थान पर 30 दिन के आधार पर करने और इसकी अधिकतम सीमा समाप्त करने,जीवन-यापन की बढ़ती लागत के अनुरूप न्यूनतम वेतन में पर्याप्त बढ़ोतरी करने और आंगनबाड़ी,आशा, मिड-डे मील, एनएचएम सहित अन्य स्कीम वर्करों के मानदेय में बढ़ोतरी करने सहित अन्यब शामिल है।

भारतीय मजदूर संघ ने कहा कि ये मांगें केवल श्रमिकों के हित से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा,आर्थिक न्याय,सम्मानजनक काम,उचित वेतन, श्रम की गरिमा तथा श्रमिकों और कर्मचारियों के कल्याण से जुड़ी बुनियादी मांगें हैं। भारतीय मजदूर संघ, रांची जिला ने सभी संबंधित श्रमिकों, कर्मचारियों और सहयोगी संगठनों से विराट प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया है।

बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री धर्मदास शुक्ला, प्रदेश महामंत्री राजीव रंजन सिंह, प्रदेश मंत्री रामाशंकर प्रसाद, कार्यालय मंत्री सुनील कुमार पांडे, रांची जिला मंत्री सुबोध कुमार यादव, बृज किशोर राम, देवेंद्र तिवारी, राजकुमार सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story