झामुमो के प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर मंत्री ने किया स्थल निरीक्षण
देवघर, 11 जून (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की देवघर जिला कमिटी की आगामी 13 जून को आयोजित होने वाले बूथ कमिटी एवं बीएलए-2 प्रशिक्षण सह सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय नेताओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए गुरुवार को कार्यक्रम स्थल खिजुरिया का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन, जिला अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा, केंद्रीय सदस्य परिमल सिंह, वरिष्ठ नेता सुरेश शाह, नगर अध्यक्ष प्रदीप चौधरी और पार्टी नेत्री टिप चैटर्जी सहित कई नेताओं ने स्थल का जायजा लिया।
इस दौरान कार्यक्रम की तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जिला अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा ने बताया कि 13 जून को आयोजित प्रशिक्षण शिविर में पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही बीएलए-2 के लिए चयनित कार्यकर्ताओं को भी उनकी जिम्मेदारियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना तथा कार्यकर्ताओं को आवश्यक प्रशिक्षण देना है, ताकि वे पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित कर सकें। मौके पर झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य नंदकिशोर दास, मनोज दास, विजय दास, दीपक दास, प्रकाश पांडेय, मृत्युंजय राउत, महादेव पासवान, लड्डू नरोने, विपिन यादव, नारायण मंडल सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थेे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

