बीके राजमती ने सामाजिक कार्य करनेवालों को किया सम्मानित
रांची, 03 अक्टूबर (हि.स.)। ब्रह्माकुमारी संस्थान, कांके नवाटोली सेवा केंद्र की ओर से शनिवार को गांधी जयंती और अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर पिठोरिया स्थित राड़ा गांव में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सेवाकेंद्र संचालिका सह बतौर मुख्य वक्ता बीके राजमती बहन ने संस्था की ओर से सामाजिक सेवाकार्य, कृषि, साहित्य सहित विभिन्न सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई ग्रामीणों, महिलाओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। मौके पर उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज और परिवार के अनमोल गहने हैं। हमारी भारतीय संस्कृति, संस्कारों और जीवन के अनुभवों के जीवंत स्रोत हैं।
इन्हीं से हम जीवन जीने की कला और आनेवाले दिनों के लिए श्रेष्ठ संस्कार सीखते हैं। बुजुर्गों का आशीर्वाद ही हमारे जीवन की असली पूंजी है, जिसके संबल से ही समाज प्रगति के पथ पर अग्रसर हो सकता है। कार्यक्रम के समापन पर लोगों ने संस्थान की ओर से लगाए गए भंडारे में महाप्रसाद ग्रहण गया।
इस अवसर पर झारो देवी, सुगबती देवी, नेंबू देवी, मंगरी देवी, चांद मुनी देवी, मुन्नी देवी, रासू उरांव, मन्लू उरांव, पंचू लोहरा, देवानन्द मुण्डा सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

