शशांक राज ने संभाला झारखंड भाजयुमो अध्यक्ष का पदभार

WhatsApp Channel Join Now
शशांक राज ने संभाला झारखंड भाजयुमो अध्यक्ष का पदभार


शशांक राज ने संभाला झारखंड भाजयुमो अध्यक्ष का पदभार


रांची, 25 सितंबर (हि.स.)। झारखंड भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह में विधिवत पदभार ग्रहण किया।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

मौके पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शशांक राज को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में शशांक राज ने युवा मोर्चा को लेकर सक्रियता के साथ कार्य किया और विभिन्न विषयों पर आंदोलनों में भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि पूरा विश्वास है कि शशांक राज को जो जिम्मेदारी दी गई है, उसके अनुरूप युवा मोर्चा आने वाले समय में झारखंड के युवाओं की मजबूत आवाज बनेगा।

वहीं मरांडी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार के कार्यों को लेकर विपक्ष द्वारा लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। कांग्रेस को लेकर उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी की राजनीतिक स्थिति और अधिक कमजोर होगी।

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने शशांक राज को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा मोर्चा भाजपा का महत्वपूर्ण अग्रिम संगठन है। युवाओं की ऊर्जा और उत्साह को संगठनात्मक गतिविधियों में लगाकर पार्टी को और मजबूत किया जाएगा।

समारोह में भाजयुमो के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने इस जिम्मेवारी के लिए राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन तमाम कार्यकर्ताओं की है, जिन्होंने तन-मन-धन से संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर परिश्रम किया है।

उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को संगठन से जोड़ना, युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाना और पार्टी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। झारखंड के युवाओं के मुद्दों को लेकर संगठन मजबूती से आवाज उठाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में युवा मोर्चा को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज जो कार्यकर्ता मंच के सामने बैठे हैं, आने वाले समय में इन्हीं में से विधायक, मंत्री और पार्टी के विभिन्न दायित्वों पर कार्य करने वाले नेता तैयार होंगे। युवा मोर्चा सामाजिक एवं राजनीतिक जिम्मेदारियों से पीछे हटने वाला संगठन नहीं है।

राज ने कहा कि आने वाले समय में झारखंड के 30 हजार बूथों तक युवा मोर्चा को मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। गांव-गांव और बूथ स्तर तक संवाद स्थापित कर युवाओं को संगठन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। 2029 हमारा लक्ष्य है।

भारतीय जनता युवा मोर्चा, झारखंड के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज के स्वागत एवं सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश भर से पहुंचे सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मोरहाबादी से हुई, जहां से कार्यकर्ताओं का विशाल कारवां निकला। काफिला मछली घर के समीप पहुंचा, जहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर शशांक राज ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद यह काफिला रातू रोड चौक, किशोरगंज चौक, हरमू चौक होते हुए भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय पहुंचा। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कई जगह अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार अभिनंदन किया। प्रदेश कार्यालय में ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे और पुष्पवर्षा के साथ कार्यकर्ताओं ने शशांक राज का भव्य स्वागत किया। इसके बाद प्रदेश कार्यालय के पीछे आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रगीत के साथ पदभार कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान समारोह के दौरान विभिन्न वरीय भाजपा नेताओं एवं पदाधिकारियों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story