राज्य सरकार के विरोध में भाजपा का विरोध मार्च
देवघर, 12 मई (हि.स.)।
देवघर: पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत देवघर जिला भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ विरोध मार्च निकाला और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया।
यह रैली शिवलोक परिसर से शुरू होकर वीर कुंवर सिंह चौक होते हुए समाहरणालय तक पहुंची।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को न तो पीने का पानी मिल रहा है और न ही समय पर बिजली की आपूर्ति हो रही है। साथ ही बिजली बिल में अनियमितता का भी आरोप लगाया गया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि राज्य में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब है और जनता परेशान है। उनका आरोप था कि सरकार को जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।
इस विरोध मार्च में प्रभारी गणेश मिश्रा, पूर्व विधायक नारायण दास, रणधीर सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, वरिष्ठ नेता विपिन देव, निरंजन देव, अभयानंद झा, सोनधारी झा, सुनीता सिंह, विशाखा सिंह सहित विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ता शामिल हुए।
पूर्व विधायक नारायण दास और रणधीर सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि राज्य सरकार कोयला, बालू, गिट्टी और मिट्टी की कथित कालाबाजारी में व्यस्त है, जबकि जनता पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति चिंताजनक है और बिजली बिल में हेराफेरी कर उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है।
रैली के समापन पर समाहरणालय पहुंचकर पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष सोनाधारी झा, नेत्री रीता चौरसिया, विजया सिंह, बबलू पासवान, धनंजय कुमार, संजीव झा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

